भोपालमध्य प्रदेश

एमपी में मौसम का मिजाज: ठिठुरन से चंद दिनों की राहत, 23 जनवरी के बाद फिर लौटेगी कड़ाके की सर्दी

एमपी में मौसम का मिजाज: ठिठुरन से चंद दिनों की राहत, 23 जनवरी के बाद फिर लौटेगी कड़ाके की सर्दी

​ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग में बारिश के आसार; 21 से सक्रिय होगा मजबूत पश्चिमी विक्षोभ
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिली है। बीते 48 घंटों में रात के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन में धूप खिलने से लोगों को ठिठुरन से राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत अधिक समय तक नहीं टिकेगी। जनवरी के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर प्रदेश में कंपकंपी वाली ठंड लौटने वाली है।

​दो सिस्टम सक्रिय, उत्तर से आएगी सर्द हवा
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के ऊपर दो मौसम तंत्र (वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन) सक्रिय हैं। इनके कारण बादल छाए हुए हैं और रात का पारा चढ़ा हुआ है। 21 जनवरी को एक और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देगा। इसके गुजरते ही पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं एमपी के तापमान को फिर से तेजी से नीचे गिराएंगी।

​इन इलाकों में हो सकती है बारिश
23 जनवरी के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग के जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। उत्तर भारत के राज्यों (दिल्ली, पंजाब, हरियाणा) में मौसम बिगड़ने का सीधा असर एमपी के उत्तरी और मध्य हिस्सों में देखने को मिलेगा।

​कटनी सबसे ठंडा, इंदौर में पारा 8.2 डिग्री
बीती रात प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 8.2 डिग्री तक पहुंच गया। अन्य प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
​भोपाल: 10.6°C
​ग्वालियर: 10.8°C
​उज्जैन: 10.0°C
​जबलपुर: 13.8°C
​अगले 4 दिन कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले चार दिनों तक फिलहाल कोई चेतावनी (अलर्ट) जारी नहीं की गई है। हालांकि, 23 जनवरी के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी और तापमान में भारी गिरावट की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और कृषि विभाग किसानों को सतर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button