भोपाल समेत 28 जिलों में बदला मौसम, आंधी-बारिश की धमाकेदार एंट्री

भोपाल समेत 28 जिलों में बदला मौसम, आंधी-बारिश की धमाकेदार एंट्री
भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से जारी तीखी धूप और उमस के बाद दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बदलाव से पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
सीहोर में 61 किमी की रफ्तार से चली आंधी
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में बनी मौसम प्रणालियों के चलते प्रदेश के भोपाल और जबलपुर सहित 28 जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान कई क्षेत्रों में धूल भरी तेज हवाएं भी चलीं। सीहोर में आंधी की रफ्तार सबसे ज्यादा रही, यहाँ 61 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। तेज हवाओं और मानसूनी बादलों के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है।
आगर-मालवा और राजगढ़ में ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र ने आगामी दो दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, भोपाल और ग्वालियर संभाग के जिलों में अगले दो दिन तक आंधी और बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है, जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित करते हुए अत्यंत तेज आंधी और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।






