
रिपोर्टर ,{आकाश पांडेय } जबलपुर, यशभारत। मंडला, डिंडौरी, सिवनी सहित गौर और टेमर नदी के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही झमाझम बारिश का असर अब बरगी बांध और नर्मदा नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। बरगी बांध में 1300 क्यूमेक प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी की आवक हो रही है, जिससे बांध का जलस्तर बढ़कर 410.25 मीटर पहुंच गया है। बांध प्रशासन का कहना है कि यदि अगले दो दिनों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो जलस्तर में और बढ़ोतरी होगी।

गौर और टेमर के कैचमेंट एरिया में हुई जारी बारिश से नर्मदा नदी का जलस्तर भी करीब 5 से 6 फीट बढ़ गया है। मानसून सीजन में पहली बार गौरीघाट, तिलवारा, लम्हेटा और भेड़ाघाट सहित प्रमुख घाटों पर पानी इस स्तर तक पहुंचा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों पर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुरोहितों और पूजन सामग्री विक्रेताओं ने अपने तख्त और सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए हैं, जबकि पुलिस और होमगार्ड के जवान लगातार गश्त कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निचले हिस्सों में नहीं जाने की समझाइश दे रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 8:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक 5.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक जिले में 148.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत और न्यूनतम 74 प्रतिशत रही, जबकि पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं।
मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन दो दिनों में 70 से 80 मिमी तक वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।







