बांग्लादेश में हिंसा के बाद तख्तापलट: PM शेख हसीना का इस्तीफा, ढाका से भारत के लिए भरी उड़ान; सेना ने कमान संभाली

पड़ोसी देश बांग्लादेश में भड़की हिंसा के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। प्रदर्शनकारी राजधानी ढाका स्थित उनके सरकारी आवास में घुस चुके हैं। दोपहर करीब 2.30 बजे सेना का हेलीकॉप्टर शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना को लेकर किसी सुरक्षित स्थान के लिए उड़ा है। अब बांग्लादेश में सेना ने कमान संभाल ली है। आर्मी चीफ ने कहा है कि हम शांति बहाली के लिए प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही देश में नई अंतरिम सरकार का गठन होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना के चॉपर ने भारत की ओर उड़ान भरी है। पड़ोसी देश में रविवार शाम को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी थी, प्रदर्शनकारियों ने ढाका समेत कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन किए। हजारों बांग्लादेशी प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग करते हुए सुरक्षाबलों से भिड़ गए थे। इस दौरान 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी की मौत हुई थी। इसके साथ ही जुलाई से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद मौत का आंकड़ा करीब 300 तक पहुंच गया है।







