जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

बेकाबू पिकअप नहर में गिरी, 2 बच्चों सहित 6 की मौत; ड्राइवर की लापरवाही बनी वजह

 

लुधियाना, : पंजाब के लुधियाना जिले में आज अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ। बोलेरो पिकअप गाड़ी मलेरकोटला रोड पर बने एक पुल से जगेड़ा नहर में जा गिरी। इस हादसे में करीब 5 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में लगभग 25 श्रद्धालु सवार थे, जो हिमाचल प्रदेश में मां नैना देवी के दर्शन कर अपने गांव मानकवाल लौट रहे थे। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पिकअप ओवरलोड थी और ड्राइवर तेज गति से गाड़ी चला रहा था। एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप पुल की दीवार तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। इस तरह ड्राइवर की एक गलती ने छह लोगों की जान ले ली।

हादसे की सूचना मिलते ही लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर (DC) हिमांशु जैन, खन्ना की SSP ज्योति यादव और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात भी की। SSP डॉ. ज्योति यादव ने मृतकों की पहचान जरनैल सिंह (52), मंजीत कौर (58), सुखमन कौर (डेढ़ साल) और आकाशदीप सिंह (8) के रूप में की है। शेष दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घायलों में सरबजीत कौर, सुरिंदर सिंह, जसविंदर कौर, सरबजीत कौर, स्वर्णजीत कौर, भाग सिंह, काका सिंह, कमलजीत कौर और संदीप कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


लुधियाना में जुलाई के हादसों की फेहरिस्त:

यह लुधियाना में जुलाई महीने का तीसरा बड़ा हादसा है।

  • 22 जुलाई को रूपा मिस्त्री गली में भारी बारिश के कारण एक पुरानी रिहायशी बिल्डिंग का अगला हिस्सा ढह गया था। गनीमत रही कि आधी रात का समय होने के कारण कोई घायल नहीं हुआ।
  • इससे पहले, 6 जुलाई को लुधियाना में ही एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक्टिवा सवार और रेहड़ी चालक को टक्कर मार दी थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।
  • उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 8 मार्च को भी लुधियाना में एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग ढह गई थी, जिसके मलबे के नीचे 5 लोग दबे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button