उन्नत कृषि महोत्सव 2026 आधुनिक तकनीकों से रूबरू होंगे किसान दशहरा मैदान में 300 से अधिक स्टॉल ड्रोन व कृषि यंत्रों के लाइव प्रदर्शन के साथ विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
The Advanced Agriculture Festival 2026 will introduce farmers

उन्नत कृषि महोत्सव 2026 आधुनिक तकनीकों से रूबरू होंगे किसान
दशहरा मैदान में 300 से अधिक स्टॉल ड्रोन व कृषि यंत्रों के लाइव प्रदर्शन के साथ विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
भोपाल यश भारत। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया कि मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक उन्नत कृषि महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय महोत्सव दशहरा मैदान में आयोजित होगा जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों सरकारी योजनाओं और नवाचारों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है। महोत्सव में 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां कृषि इनपुट, उन्नत बीज, उर्वरक और आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी होगी। किसानों को नई तकनीकों और उपकरणों की जानकारी देने के लिए विशेष रूप से लाइव डेमोंस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। इसमें ड्रोन तकनीक, सुपर सीडर और मल्चर जैसे अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा।
इसके साथ ही कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों द्वारा उन्नत खेती की पद्धतियों, फसल सुरक्षा और उत्पादन बढ़ाने के तरीकों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में आने वाले किसानों के लिए नि:शुल्क मृदा परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे वे अपनी भूमि की गुणवत्ता के अनुसार फसल चयन और उर्वरक प्रबंधन कर सकेंगे। आयोजकों का कहना है कि इस महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन प्रदेश में कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







