
खनन के दौरान मिट्टी की ढांग गिरने से दो भाई दबे, एक की मौत; दूसरा गंभीर रूप से घायल
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के दौरान ढांग गिरने से चचेरे भाई बुद्धसेन (20) की मृत्यु हो गई, जबकि सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।

थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के दौरान हुए हादसे में ढांग गिरने से चचेरे तयेरे भाई मिट्टी के नीचे दब गए।
इस घटना में एक की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
थाना बहजोई क्षेत्र के गांव किसौली और रफीपुर के बीच जंगल में अवैध रूप से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी। बताया गया है कि ट्रैक्टर ट्राली में मिट्टी भरने के लिए दो मजदूर मिट्टी काटकर ट्राली में डाल रहे थे।
मिट्टी की ढांग भरभराकर गिरी
इसी दौरान मिट्टी की ढांग ऊपर से भरभराकर गिर गई और गांव किसौली निवासी मजदूर बुद्ध सेन व उसका चचेरा सुनील उसके नीचे दब गए। शोर मचने पर ट्रैक्टर चालक ने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने फावड़ों व हाथों से मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 20 वर्षीय बुद्धसेन की मृत्यु हो चुकी थी। वहीं सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बहजोई से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मजदूरी पर मिट्टी खोदने गए थे दोनों मजदूर
बताया जा रहा है कि गांव किसौली के अमलेश ने दोनों को मजदूरी पर मिट्टी खोदने के लिए बुलाया था और मौके पर खड़ी ट्रॉली भी उसी की बताई जा रही है।
सतपाल के खेत से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि ढांग गिरने से एक युवक की मृत्यु हुई है और दूसरा घायल है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







