भोपाल में 15 अगस्त को बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर रहेगा भारी ट्रैफिक

भोपाल में 15 अगस्त को बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर रहेगा भारी ट्रैफिक
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाल परेड मैदान पर कल करेंगे ध्वजारोहण
भोपाल, यशभारत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राजधानी के ऐतिहासिक लाल परेड मैदान में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगरीय यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। लाल परेड मैदान और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव रहने के साथ कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे 15 अगस्त को घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
पास के रंग के हिसाब से प्रवेश और पार्किंग
लाल पास धारक: गेट नंबर-1 यानी सरकार द्वार, जेल रोड से प्रवेश करेंगे। इनके वाहनों की पार्किंग बैंड ट्रेनिंग स्कूल के सामने रहेगी।
पीला पास धारक: गेट नंबर-1 से प्रवेश कर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम या जिम्नेजियम के पास वाहन पार्क करेंगे।
हरा पास धारक: गेट नंबर-6 यानी पीटीएस द्वार से प्रवेश करेंगे। इनके लिए एमटी या बास्केटबॉल ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
नीला पास धारक: गेट नंबर-6 से प्रवेश कर दर्शक दीर्घा के पीछे निर्धारित स्थान पर वाहन पार्क करेंगे।
आम नागरिक: गेट नंबर-3 विजय द्वार या गेट नंबर-5 कैप्टन द्वार से प्रवेश कर सकेंगे। इनके लिए एमवीएम कॉलेज ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस और जेल मुख्यालय ग्राउंड में पार्किंग रहेगी।
छात्र-छात्राएं: विजय द्वार, मज़ार द्वार और प्रबंध द्वार से प्रवेश कर एमवीएम कॉलेज ग्राउंड में वाहन पार्क करेंगे।
इन इलाकों में रहेगा सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव
समारोह के दौरान रोशनपुरा चौराहा से गांधी पार्क, डीबी मॉल तिराहे से जेल रोड और लिली चौराहे से जहांगीराबाद मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।
वहीं डीबी मॉल तिराहे से जेल मुख्यालय रोड, लिली चौराहे से पीएचक्यू और रोशनपुरा से गांधी पार्क तिराहे की ओर लोक परिवहन एवं अनुमति प्राप्त वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बस और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
टीटी नगर से रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड जाने वाली बसें न्यू मार्केट, एक्सिस बैंक लिंक रोड-1, बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल, मैदा मिल रोड, सुभाष नगर आरओबी, प्रभात चौराहा और बोगदा पुल होते हुए भारत टॉकीज की ओर जा सकेंगी। वापसी में भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाएगा।
कार-जीप और दोपहिया के लिए डायवर्जन
कार, जीप और दोपहिया वाहन रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा, पुराना मछलीघर और खटलापुरा मार्ग होते हुए पीएचक्यू तिराहे की ओर जा सकेंगे।
स्कूली और यात्री बसों की पार्किंग अलग
समारोह में आने वाली बसें कंट्रोल रूम तिराहा विजय द्वार पर यात्रियों को उतारने के बाद एमवीएम ग्राउंड, एमएलए रेस्ट हाउस या जेल मुख्यालय ग्राउंड में पार्क होंगी।
पुराने शहर से आने वाली स्कूली बसें एसबीआई तिराहे से गेट नंबर-5 प्रबंध द्वार पर बच्चों को उतारेंगी और इसके बाद पुरानी जेल परिसर में पार्क होंगी। नए शहर की स्कूली बसें गेट नंबर-4 मज़ार गेट पर बच्चों को उतारने के बाद खटलापुरा मंदिर रोड पर पार्क की जाएंगी।
घर से निकलने से पहले देख लें रूट
ट्रैफिक अतिरिक्त डीसीपी बसंत कोल ने बताया की
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। ऐसे में वाहन चालक लाल परेड मैदान के आसपास के प्रतिबंधित मार्गों से बचें और पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करें। इससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के साथ लोगों को भी अनावश्यक जाम से राहत मिलेगी।






