स्मैक के साथ तीन तस्कर पकड़ाए -आरोपियों के पास मिली 5.42 ग्राम स्मैक

स्मैक के साथ तीन तस्कर पकड़ाए
-आरोपियों के पास मिली 5.42 ग्राम स्मैक
भोपाल यशभारत।
क्राइम ब्रांच ने आज तीन स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक आटो में बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.42 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रूपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरखेड़ा पठानी गोविंदपुरा में बने बीएचईएल के पुराने व क्षतिग्रस्त आवासों के पास तीन संदिग्ध युवक खड़ हैं, जो संभवत: मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। इस सूचना के बाद क्राइम ब्रांच भोपाल की टीम ने घेराबंदी कर भेल के क्षतिग्रस्त मकान के सामने जेपी मार्केट के पास एक हरे-पीले रंग के आटो मेें बैठे तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। मौके पर ही ली गई तलाश के दौरान तीनों के पास से 5.42 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान मदनी नगर बर्रई कटारा हिल्स निवासी मिक्की साहू उर्फ छोटू पुत्र धनीराम साहू(21), कटारा हिल्स ग्राम बर्रई निवासी शैलेन्द्र वर्मा पिता श्री किशोर वर्मा(32)एवं तोहिद खान पिता बाबू खान(20) के रूप में की है। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह उक्त स्थान पर खड़े होकर स्मैक बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनसे मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में पूछताछ कर रही है।







