डिलीवरी बॉय बनकर करते थे रेकी, फिर उड़ाते थे माल; बी.कॉम पास जोमैटो बॉय सहित 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार

डिलीवरी बॉय बनकर करते थे रेकी, फिर उड़ाते थे माल; बी.कॉम पास जोमैटो बॉय सहित 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार
चोरी की 3 बाइक और 500 किलो धातु के चैंबर ढक्कन बरामद, 100 सीसीटीवी कैमरों की मदद से दबोचे गए आरोपी।
भोपाल, यशभारत। राजधानी की अयोध्या नगर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो नामी कंपनियों (जोमैटो और रैपिडो) के डिलीवरी बॉय का चोला ओढ़कर शहर में वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इस गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। आरोपी नशे और महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात करते थे।
पुलिस के अनुसार, 21 जनवरी को फरियादी प्रशांत तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुरम्य परिसर के पास उनके अस्थाई स्टोर रूम से करीब 500 किलोग्राम वजनी लोहे के चैंबर ढक्कन चोरी हो गए हैं। थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में संदिग्धों का हुलिया चिह्नित करने के बाद मुखबिर की मदद से फेस-5 की पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा पाल (22) बी.कॉम पास है और जोमैटो में काम करता था। उस पर पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी कुणाल उर्फ यश (21) रैपिडो चलाता था, जिस पर 7 मामले दर्ज हैं। तीसरा आरोपी राहुल बाल्मीकी (25) हाउसकीपिंग का काम करता था और वह दुष्कर्म (POCSO) जैसे गंभीर मामलों में भी आरोपी रहा है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे डिलीवरी देने के बहाने पॉश कॉलोनियों और सुनसान इलाकों में रेकी करते थे। जो घर या स्टोर रूम असुरक्षित दिखते, वहां वे रात के अंधेरे में हाथ साफ कर देते थे। आरोपियों के पास से पिपलानी और हबीबगंज इलाके से चोरी की गई 3 मोटरसाइकिलें (2 स्प्लेंडर और 1 शाइन) भी बरामद हुई हैं।







