प्रदेश में नहीं है ईंधन कमीः डिप्टी सीएम जगदीश देवडा,आपूर्ति सामान्य
रविवार सुबह जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा

जबलपुर, यशभारत। मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कथित कमी को लेकर जारी सियासी बयानबाज़ी के बीच प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
रविवार सुबह जबलपुर पहुंचे डिप्टी सीएम का सर्किट हाउस में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने विपक्ष पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण विपक्ष विचलित है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती समय में कुछ स्थानों पर लाइनें जरूर दिखीं, लेकिन अब हालात पूरी तरह सामान्य हैं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।







