देशभक्ति के रंग में रंगी पुलिस अकादमी, भव्य परेड में दिखा जोश और अनुशासन

देशभक्ति के रंग में रंगी पुलिस अकादमी, भव्य परेड में दिखा जोश और अनुशासन
77वां गणतंत्र दिवस: ADG मोहम्मद शाहिद अबसार ने फहराया तिरंगा, डीएसपी ज्योति कनेश ने किया परेड का नेतृत्व
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय और अनुशासित वातावरण में मनाया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस समारोह में पुलिस प्रशिक्षुओं ने अपनी कार्यशैली, शौर्य और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

कर्तव्यनिष्ठा की ली शपथ समारोह के मुख्य अतिथि एवं अकादमी के निदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड का निरीक्षण करने के बाद अपने उद्बोधन में अबसार ने गणतंत्र के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए पुलिस के आदर्शों और समाज सेवा के प्रति अटूट निष्ठा बनाए रखने का आह्वान किया।शक्ति और तालमेल का प्रदर्शन परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी ज्योति कनेश ने किया, जबकि परेड टू-आई-सी शुभम जैन रहे। मार्च पास्ट में 45वें उपुअ (DSP) बैच और पीटीएस के नव आरक्षकों की विभिन्न प्लाटूनों ने कदम से कदम मिलाकर अपनी अनुशासित कार्यशैली का परिचय दिया। इस दौरान 7वीं वाहिनी पुलिस बैंड की सुमधुर धुन ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी लघु भारत की झलक परेड के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत की विविधता में एकता के दर्शन हुए। अकादमी परिसर के बच्चों और स्टाफ ने लोकनृत्य और देशभक्ति गीतों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया।

सेवा के लिए मिला सम्मान समारोह के दौरान उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही परेड और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
अकादमी के उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए आधुनिक पुलिसिंग और कानून व्यवस्था में वर्दी (यूनिफॉर्म) की गरिमा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सहायक निदेशक रश्मि पाण्डेय, यास्मीन जहरा, ज्योति उमठ सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।






