मुख्यमंत्री तक पहुंचा हमीदिया अस्पताल में अतिक्रमण का मामला

मुख्यमंत्री तक पहुंचा हमीदिया अस्पताल में अतिक्रमण का मामला
भोपाल यशभारत। हमीदिया अस्पताल में अतिक्रमण का मामला मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तक पहुंच गया है। हमीदिया अस्पताल की बाउंड्री वॉल में हरे रंग का पेंट कर धार्मिक झंडा लगाए जाने की जानकारी लगने के बाद जूनियर डॉक्टरों ने विरोध किया था। जिसकी शिकायत थाने में की गई है। मामले की जानकारी अब मुख्यमंत्री तक पहुंची है। डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया है कि किस तरह से हमीदिया अस्पताल के परिसर में लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है। शिकायत में कहा गया है कि गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं हमीदिया चिकित्सालय, भोपाल जो कि राज्य का एक प्रमुख चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थान है, वर्तमान में निरंतर धार्मिक अतिक्रमण की समस्या से ग्रसित हो रहा है। यह बाहरी व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसमे परिसर के अंदर के लोग भी इन गतिविधियों को संचालित करने के लिए सहयोग कर रहे है। जो न केवल संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचा रहा है, बल्कि चिकित्सा सेवाओं एवं शैक्षणिक वातावरण में भी बाधा उत्पन्न कर रहा है। लगातार बाहरी लोगों के द्वारा अनुचित और अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं जिससे महिला डॉक्टर्स की सुरक्षा के साथ बड़ी लापरवाही भी सामने आई है ।







