दुल्हन की चौखट पर दूल्हे ने तोड़ा दम: घोड़ी पर बैठे कांग्रेस नेता को शादी से पहले आया हार्ट अटैक

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर में NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप उर्फ टोनी जाट की शादी से चंद मिनट पहले हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। वह घोड़ी चढ़कर दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचा ही था। जैसे ही तोरण मारने की तैयारी शुरू हुई, युवक को हार्ट अटैक आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक दूल्हा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता योगेश जाट का भतीजा था जो खुद एनएसयूआई छात्र संगठन के श्योपुर जिले के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस घटना से शादी की खुशी मातम में बदल गई। दुल्हन दूल्हे का इंतजार करती रह गई। मेहंदी लगाकर जिसका इंतजार वह कर रही थी, उसकी मौत की खबर सुनते ही दुल्हन बेसुध हो गई।
आज शनिवार को मृतक का अंतिम संस्कार उसके गृह गांव झिरनिया सुसबाडा में किया गया। प्रदीप की मौत की खबर सुनकर हर कोई आहत है। बताया जाता है कि वह युवा नेता होने के साथ व्यावहारिक व्यक्ति भी था।






