जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

अभी एक सप्ताह बना रहेगा ठंड का असर

जबलपुर, यशभारत। फरवरी का महीना बीतने को है पर मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए कहा जा रहा है अभी एक सप्ताह ठंड का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक बादलों की अठखेलियां ऐसे ही जारी रहेगी। वहीं एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढऩे से 26 फरवरी से बादल वर्षा की भी संभावना है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं के बीच एक ट्रफ लाइन के रूप में मौजूद है जबकि चक्रवातीय परिसंचरण उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है जो पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में नमी ला रहा है जिससे बादल छा रहे हैं। एक ट्रफ़ लाइन दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश से तमिलनाडु तक विस्तृत है जो मौसम को प्रभावित कर रही है।वहीं मौसम विभाग की माने तो एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के संकेत भी मिल रहे हैं। 26 फरवरी तक इसकी सक्रियता बढऩे से जबलपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में बादल वर्षा के आसार बन सकते हैं।
32 डिग्री तक पहुंचा पारा होने लगा कम
मौसम शुष्क होते ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री के पार पहुंच गया था, जिसके कारण गर्मी का अहसास बढऩे लगा था। वहीं अब एक बार फिर मौसम में पलटवार से तापमान में गिरावट आने लगी है।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 28.04 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 17.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार की सुबह का तापमान 14.8 रहा। हवा में नमी प्रात:काल 74 प्रतिशत दर्ज की गई। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 31.09 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.03 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App
Notifications Powered By Aplu