बदमाश फरार, गुर्गा चढ़ा क्राइम ब्रांच के हत्थे, एसपी बंगले के पास चलाई थी गोलियां

यश भारत फॉलोअप, जबलपुर। सिविल लाइन स्थित रोटरी क्लब के पास पुलिस अधीक्षक बंगले के पास 12 फरवरी को शादी समारोह के दौरान गोलियां चलाने वाला गैंगस्टर पुलिस गिरफ्त से दूर है जबकि उसके एक गुर्गे को क्राइम ब्रांच ने दबोच लिया है। इसके साथ ही फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश चल रही है।
जानकारी के मुताबिक शिवनगर मदनमहल निवासी प्रॉपर्टी डीलर दुर्गेश पांडे (30) अपने साथियों हर्ष यादव और श्रीकांत राय के साथ 12 फरवरी को दोस्त गोलू सोंधिया की शादी में शामिल होने रोटरी क्लब पहुंचा था समीप ही पुलिस अधीक्षक का बंगला था। रात करीब 11:30 बजे जब वे खाना खाकर बाहर निकल रहे था तो गेट के पास दो एक्सिस गाडिय़ों पर मुक्कू पटेल, देवू पटेल, लकी पटेल और गुल्ली उर्फ अभिषेक गोस्वामी पहुंचे थे और पुरानी रंजिश के चलते लकी और अभिषेक ने जान से मारने की नियत से पिस्तौल से अंधाधुंध फायरिंग चलाई थी। जिसमें प्रॉपर्टी डीलर दुर्गेश समेत उसके साथी श्रीकांत को चोटें आ गई थी। दुर्गेश पांडे की शिकायत पर आरोपी मुक्कू पटेल, देवू पटेल, लकी पटेल, अभिषेक गोस्वामी और अन्य दो साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। सूत्रों के मुताबिक लकी पटेल कुख्यात बदमाश है और ‘13302’ नाम से एक गैंग चलाता है। लकी लार्डगंज का रहने वाला है जिसके खिलाफ आठ से अधिक अपराध दर्ज हत्या के प्रयास, अवैध वसूली समेत अन्य प्रकरण पूर्व से दर्ज है जो पुलिस गिरफ्त से दूर है हालांकि क्राइम ब्रांच ने मुक्कू पटेल को दबोच लिया है। पुलिस अब लकी, देवू, अभिषेक की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।







