केंद्र सरकार ने 13 विभागों में किया बड़ा फेरबदल, निवेदिता शुक्ला बनीं प्रशासनिक सुधार सचिव
चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया

नई दिल्ली, यशभारत। केंद्र सरकार ने बुधवार को 13 मंत्रालयों और विभागों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। वहीं, रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, नरेंद्र भूषण को ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। चंद्रशेखर कुमार को राष्ट्रीय वर्षा आधारित क्षेत्र प्राधिकरण का प्रमुख नियुक्त किया गया है, जिन्हें सचिव स्तर का दर्जा दिया गया है।
इन सभी नियुक्तियों को कैबिनेट की नियुक्ति समिति द्वारा मंजूरी प्रदान की गई है।







