रांझी में दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
आरोपी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज

जबलपुर, यशभारत। रांझी थाना क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी को घटना स्थल पर ले जाकर जुलूस निकाला। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वैभव उर्फ बाबू मराठा, झंडा चौक, रांझी का रहने वाला है, जिसका क्षेत्र में आतंक लगातार बढ़ता जा रहा था। दो दिन पूर्व आरोपी ने झंडा चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति की दुकान पर तोड़फोड़ की, गल्ले से नकदी लूटी और चाकू दिखाकर धमकाया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को लूट की धाराओं में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और अवैध वसूली शामिल है। इसके अलावा मोहल्ले के एक सामुदायिक भवन पर आरोपी द्वारा ताला लगाकर कार्यक्रमों को रोकने की शिकायत भी सामने आई थी। पुलिस ने आरोपी के घर से चाबी मंगवाकर ताला खुलवाया और भवन को उसके कब्जे से मुक्त कराया। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के सामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







