स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने विधायक अशोक रोहाणी का जताया आभार
विधानसभा भ्रमण और मुख्यमंत्री से मुलाकात पर जताई खुशी

जबलपुर,यशभारत। स्टेमफील्ड इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने सोमवार को केंट विधायक अशोक रोहाणी के कार्यालय पहुंचकर भोपाल में आयोजित विधानसभा भ्रमण एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात का अवसर उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर पर्व जायसवाल एवं प्राचार्य मनमीत कोहली भी उपस्थित रहे। डायरेक्टर पर्व जायसवाल ने कहा कि विधायक अशोक रोहाणी के प्रयास से स्कूल के छात्रों को विधानसभा भ्रमण एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात का अवसर मिला।

भोपाल भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद करने का अवसर भी मिला। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। छात्रों ने बताया कि यह मुलाकात उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रही और इससे उन्हें नेतृत्व, प्रशासन तथा जनसेवा के प्रति नई सोच और ऊर्जा मिली।
विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण और संवाद कार्यक्रम उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल द्वारा किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







