छेड़खानी से परेशान छात्रा ने की आत्महत्या,आक्रोशित परिजनों ने थाने का किया घेराव
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

जबलपुर, यशभारत। बरेला थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय छात्रा ने एक युवक की लगातार छेड़खानी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
घटना से आक्रोशित छात्रा के परिजनों और ग्रामीणों ने बरेला थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि गाड़रखेड़ा गांव निवासी प्रिंस ठाकुर पिछले दो महीनों से छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था।
परिजनों ने बताया कि जब छात्रा स्कूल जाती थी, तब आरोपी रास्ते में रोककर उसे बाइक में बैठने के लिए दबाव बनाता था और मोबाइल फोन के जरिए भी मिलने के लिए परेशान करता था। इस संबंध में छात्रा ने अपने पिता को जानकारी दी थी, जिसके बाद वे आरोपी के पिता से शिकायत करने गाड़रखेड़ा गांव गए थे। उस समय आरोपी के परिजनों ने दोबारा ऐसी गलती न होने का आश्वासन दिया था।
शुक्रवार शाम छात्रा स्कूल से लौटने के बाद काफी गुमसुम थी। भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। देर रात जब मां ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां छात्रा फांसी पर लटकी मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।







