लेबर लॉ के विरोध में हड़ताल: शहर में दिखा मिला-जुला असर, बैंक बंद, बाजार-स्कूल खुले
कर्मचारियों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन

जबलपुर,यशभारत। नए श्रम कानूनों के विरोध में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा गुरुवार को बुलाए गए राष्ट्रव्यापी भारत बंद का असर मध्यप्रदेश में मिला-जुला रहा। जबलपुर में बाजार और स्कूल खुले रहे, जबकि कई केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर बाद में काम शुरू कर दिया। रेल सेवाएं सामान्य रहीं।
आईएनटीयूसी, एआईटीयूसी, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, सेवा सहित बैंक, बीमा, बीएसएनएल और केंद्रीय कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल का समर्थन किया। जबलपुर की आयुध निर्माणियों में एआईडीईएफ से संबद्ध यूनियनों के बैनर तले कर्मचारी एक घंटे विलंब से काम पर पहुंचे और नारेबाजी, काली पट्टी बांधकर विरोध तथा पर्चा वितरण किया। संगठन मंत्री अर्नब दास गुप्ता ने बताया कि चार श्रम संहिताओं के विरोध में चरणबद्ध कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें लंच बहिष्कार भी शामिल रहा।
मध्यप्रदेश बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले बैंक कर्मियों ने सिविक सेंटर में प्रदर्शन किया। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते कई शाखाओं में ताले लटके रहे और कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि निजी प्रतिष्ठानों और अधिकांश शैक्षणिक संस्थानों में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं।







