
सकरा में बिजली विभाग का सख्त एक्शन: जेई से मारपीट के बाद दर्जनों कनेक्शन काटे
अवैध उपभोक्ताओं में हड़कंप
पाटन, यश भारत। पाटन क्षेत्र अंतर्गत सकरा गांव में विद्युत विभाग ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए बकाया बिजली बिल और अवैध कनेक्शनों पर करारा प्रहार किया है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विद्युत विभाग की टीम गांव पहुंची, जहां बकाया बिल वसूली और अवैध बिजली उपयोग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, बिजली बिल वसूली के दौरान जूनियर इंजीनियर मनोज दुबे के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। इस घटना के बाद विद्युत विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया था, उनके कनेक्शन तत्काल काट दिए।
मारपीट करने वालों की बिजली भी काटी
विभागीय कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले उपभोक्ताओं की भी बिजली सप्लाई बिना किसी देरी के बंद कर दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों में अफरा-तफरी मच गई और गांव में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।
समाधान शिविर के तहत चला अभियान
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई समाधान शिविर अभियान के अंतर्गत की गई है और आगे भी अवैध कनेक्शन व बकाया बिल रखने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।
इस कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता नवनीत राठौर, शिशिर शताक्षी, सहायक अभियंता शुभम तंतुवाय, स्वर्ण सिंह मनकोटिया और कनिष्ठ अभियंता पवन यादव मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई का नेतृत्व किया।







