अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: कंपनी में किराए पर लगवाने के नाम पर हड़प लेते थे लग्जरी कार
1 करोड़ रुपए की 8 नई कारें पुलिस ने की जब्त सूरत के दो और रांझी का एक शातिर जालसाज गिरफ्तार फरार दो जालसाजों की तलाश जारी

जबलपुर,यशभारत। एसपी आदित्य सिंह के निर्देश के बाद ओमती पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कि अपने आप को टास्क कंपनी का अभिकर्ता बताकर लग्जरी कार किराए में लगवाने के नाम पर वाहन हड़पकर उसे बेच देते थे। पुलिस ने सूरत से दो और रांझी से 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि अभी फरार दो अन्य जालसाजों की गिरफ्तारी बाकी है। फरार जालसाजों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न कंपनियों की 8 नई कारें जब्त कीं हैं जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। पकड़े गए आरोपियों के नाम सूरत गुजरात निवासी पंकज खत्री, नवीन खत्री, झंडा चौक रांझी निवासी पीयूष नायडू सामने आए हैं जबकि फरार आरोपी अरूण मसीह, रेशु मसीह की तलाश जारी है।
एसपी को की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार हनुमानताल निवासी सतेंद्र सिंह ठाकुर ने एसपी आदित्य प्रताप सिंह से शिकायत की थी कि पीयूष नायडू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी नई कार किराए में लगवाने के नाम पर अन्य जगह बेच दी है। जिसके बाद एसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए फिर क्या था, गिरोह का भांडा फूट गया और आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ गए। जब्त की गई कारों में स्विफ्ट कार, टाटा टिगोर, महिंद्रा की थार, बलेनो कार शामिल है।