चौंकाने वाला मामला: युवती के पेट से निकला आधा किलो बालों का गुच्छा, डॉक्टरों ने बचाई जान

प्रयागराज, : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां डॉक्टरों ने एक 21 वर्षीय युवती के पेट से आधा किलो वजनी बालों का गुच्छा सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर निकाला है। यह मामला डॉक्टरों और मरीज के परिजनों दोनों के लिए चौंकाने वाला था।
मानसिक बीमारी के कारण बनी बाल खाने की आदत
कौशांबी जिले के अंडवा पश्चिम शरीरा सरसावा की रहने वाली मंजू (21) बचपन से ही मानसिक तनाव और व्यवहारगत विकृति से जूझ रही थीं। इसी मानसिक असंतुलन के चलते उन्हें बाल खाने की अजीबोगरीब आदत लग गई। धीरे-धीरे यह आदत इतनी बढ़ गई कि वह अक्सर अपनी मां और बहनों के बाल नोचकर खा जाती थीं। इसी कारण उनके पेट में धीरे-धीरे बालों का एक बड़ा गुच्छा बन गया।
पेट दर्द और वजन घटने के बाद हुआ खुलासा
कुछ समय बाद मंजू को लगातार तेज पेट दर्द रहने लगा, उन्हें उल्टी होने लगी, भूख कम हो गई और उनका वजन भी तेजी से घटने लगा। परिवार वाले उन्हें कई अस्पतालों में ले गए, कई अल्ट्रासाउंड और जांचें करवाईं, लेकिन बीमारी का सही पता नहीं चल सका। कई डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए भी मना कर दिया था। आखिरकार, परिजन मंजू को प्रयागराज के नारायण स्वरूप अस्पताल लेकर आए।
विशेषज्ञ टीम ने दो घंटे में किया सफल ऑपरेशन
नारायण स्वरूप अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने मंजू की स्थिति का आकलन किया और ऑपरेशन का फैसला लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, मंजू के पेट में खाने की थैली (आमाशय) में बालों का गुच्छा चिपका हुआ था, जिसने आधा किलो के ट्यूमर का रूप ले लिया था। मेडिकल भाषा में इसे ट्रिकोबेजोर कहा जाता है।
दो घंटे चले सफल ऑपरेशन में युवती के पेट की खाने की थैली को खोलकर बालों का गुच्छा निकाला गया। इसके बाद आंतों को धोया और साफ किया गया, फिर खाने की थैली को रिपेयर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि यह बालों का गुच्छा करीब 1.5 फीट लंबा और 10 सेंटीमीटर मोटा था। ऑपरेशन के बाद मरीज अब बिल्कुल ठीक है और डॉक्टरों का कहना है कि उनका मानसिक रोग भी ठीक हो गया है। इस सफल ऑपरेशन ने न केवल युवती की जान बचाई, बल्कि एक दुर्लभ मेडिकल चुनौती को भी पार किया।







