एमपी नगर में ट्रक चालकों की मनमानी से सर्विस रोड बाधित

एमपी नगर में ट्रक चालकों की मनमानी से सर्विस रोड बाधित
– राहगीर और वाहन चालक हो रहे परेशान परेशान
फोटो कैप्शन – सर्विस रोड पर खड़े हो रहे ट्रक जिसके कारण लोगों को हो रही परेशानी।
भोपाल, यशभारत। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर के ज़ोन-2 में यातायात व्यवस्था एक बार फिर अव्यवस्था की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। कैपिटल पेट्रोल पंप के सामने सर्विस रोड पर एक ट्रक खड़ा कर दिए जाने से पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया। जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति न केवल यातायात को प्रभावित कर रही है, बल्कि क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका भी बढ़ा रही है।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, ट्रक चालक ने बिना किसी अनुमति या निर्धारित पार्किंग स्थल के अभाव में सर्विस रोड पर ही वाहन खड़ा कर दिया। सर्विस रोड, जो आमतौर पर छोटे वाहनों और स्थानीय यातायात के लिए उपयोग में लाई जाती है, पूरी तरह से बाधित हो गई। इससे दोपहिया वाहन चालकों, कार चालकों और पैदल राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। अक्सर भारी वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार सडक़ किनारे या सर्विस रोड पर वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। कई बार तो ऐसे ट्रक घंटों तक खड़े रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। इससे वाहन चालकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों का भी कहना है कि इस तरह की अव्यवस्था का सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ता है। ग्राहक दुकानों तक आसानी से नहीं पहुंच पाते, जिससे बिक्री प्रभावित होती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, नगर निगम और यातायात पुलिस से मांग की है कि सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए। साथ ही, भारी वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सके।







