फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण संशोधित कार्यक्रम जारी

फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण संशोधित कार्यक्रम जारी
भोपाल यशभारत। मप्र राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिकाओं की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2025 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक संशोधित समय-सारणी के अनुसार, दावा-आपत्ति प्रक्रिया और अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं। नए कार्यक्रम के अनुसार, दावा आपत्ति केन्द्र पर दावे-आपत्ति प्राप्त करने की अवधि अब 8 अक्टूबर से बढ़ाकर 24 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक कर दी गई है। इसके बाद, दावे आपत्ति आवेदन पत्रों का निराकरण 4 नवंबर तक किया जाएगा, जबकि निराकृत दावे आपत्ति की प्रविष्टि की अंतिम तिथि 10 नवंबर रखी गई है।
दावे आपत्ति की चेकलिस्ट 13 नवंबर 2025 तक तैयार की जाएगी और त्रुटियों को सुधारकर वेंडर को वापस किया जाएगा। फोटोयुक्त और फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची 17 नवंबर को तैयार की जाएगी। इसके बाद फोटोरहित सूची 18 नवंबर को वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी और फोटोयुक्त सूची 20 नवंबर तक मुद्रित कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी।
फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन नगरपालिका वार्डों और अन्य नियत स्थानों पर 21 नवंबर को किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची की फोटोरहित बिक्री के लिए 22 नवंबर से उपलब्ध होगी। इसी दिन फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन का प्रमाणपत्र भी अपलोड किया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम के तहत, अंतिम मतदाता सूची की नगरपालिका की मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों से इस कार्यक्रम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।







