खुलासा : आयकर अधिकारी बताकर गांव के लोगों को देता था फर्जी पेनकार्ड : पुलिस ने किया गिरफ्तार,88 फर्जी पॅनकार्ड, 41 सौ रुपये के साथ लेपटाप, प्रिंटर व बाइक जब्त

सिवनी : जिले की बंडोल पुलिस ने कान्हीवाड़ा के कामता गांव निवासी निवेश कुमार पुत्र खूबचंद सुपले उम्र 26 को गिरफ्तार किया है। जो स्वयं को आयकर अधिकारी बताकर गांव के लोगों को फर्जी पेनकार्ड देकर रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 88 फर्जी पेनकार्ड, एक बाइक, लेपटाप और प्रिंटर जब्त किया है।
बंडोल थाना प्रभारी राजेश दुबे ने बताया है कि छिंदग्वार गांव निवासी संतकुमार सनोडिया, कुंजबिहारी सनोडिया ने थाना में लिखित आवेदन दिया था कि उनके गांव छिंद्रग्वार में एक व्यक्ति आकर स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को फर्जी पेनकार्ड देकर रुपये वसूल रहा है। उसने गांव के कोमल यादव को पेनकार्ड दिया था। जिसे मोबाइल फोन में सर्च करने पर वह फर्जी निकला है। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर संदेही निवेश सुपले को पुलिस हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह स्वयं के घर कामता में फर्जी पेनकार्ड तैयार कर प्रिंटर मशीन से प्रिंट कर लेमीनेशन कर फर्जी पेनकार्ड तैयार करता है। इन्हें गांव के लोगों को देकर रुपये की ठगी करता है। बंडोल थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि एक पेन कार्ड के एवज में आरोपित दो सौ रुपये गांव के लोगों से बसूल करता था। अब तक कितने लागों को उसने फर्जी पेनकार्ड देकर ठगी का शिकार बनाया है यह विवेचना में है।
कम पढ़े लोगो को बनाता था ठगी का शिकार:-
आरोपी ऐसे गांव के लोगों को अपना शिकार बनाता है जिस गांव के लोग सीधे-साधे व कम पढ़े लिखे हों। इसी कारण उसने छिंदग्वार गांव में अपना ठिकाना बनाया था। जांच में पता चला है कि आरोपित ने आसपास के अन्य गांवों में लोगों को ठगने के लिए मकड़जाल फैलाया है। पूछताछ में ठगी की और भी घटना सामने आ सकती हैं।







