आरडीयू तैयार करेगा सम्मानित करने वाले अंगवस्त्रम
कुलपति का नवाचार, अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम से होगा

जबलपुर, यशभारत। रानी दुर्गावती विश्वविद्याल अब पढ़ाने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में अतिथियों को सम्मानित किए जाने वाले अंगवस्त्रम का निर्माण करेगा। इसका खाका तैयार कर लिया गया और इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग को जानकारी पहंुचा दी गई है।
जानकारी के अनुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय अब अपने यहां पर होने वाले कार्यक्रमों में अतिथियों का सत्कार विवि में तैयार किए गए अंगवस्त्रम से करेगा। विवि के कुलपति प्रो. राजेश कुमार वर्मा के इस नवाचार साथ पुरानी व्यवस्था को बदलते हुए कार्यक्रमों में सम्मान के रूप में शॉल की जगह इसी अंगवस्त्रम का प्रयोग किया जाएगा।
कुछ ऐसा होगा अंगवस्त्रम का डिजाइन
बताया जाता है कि कुलपति के इस नवाचार को साकार करने का काम विवि का उद्यमिता विकास केंद्र की सिलाई केंद्र यूनिट करेगी। कुलपति की मंशानुरूप अंगवस्त्रम में एक तरफ मां नर्मदा व दूसरी ओर विवि का लोगो रहेगा। अंगवस्त्रम के रंग को लेकर फिलहाल मंथन चल रहा है संभवतः इसका रंग भगवा रखा जाएगा।
यूनिट को मिलेगा काम, बढ़ेगी आय
विवि के रजिस्ट्रार दीपेश मिश्रा ने बताया कि कुलपति के नवाचार से यूनिट को काम मिलेगा साथ ही सत्कार में खर्च की जाने वाली राशि विवि की यूनिट की आय बढ़ाएगी। अंगवस्त्रम को और आकर्षक कैसे बनाए जाए और इसकी राशि कितनी रखी जाएगी इस पर भी काम चल रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री ने सराहा
पिछले दिनों एकदिवसीय प्रवास पर आए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री को जब आरडीयू अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी तो उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का नवाचार होने से शहर नहीं पूरे प्रदेश की नाम रोशन होता है।
ईसी में रखा जाएगा प्रस्ताव
कुलपति की इस नई पहल के तहत विवि में बदली जाने वाली व्यवस्था के लिए प्रस्ताव को कार्य परिषद (ईसी) की बैठक में रखा जाएगा। यहां से हरी झंडी मिलने के बाद इसे विवि में लागू कर दिया जाएगा।







