राहुल गांधी ने मतदान किया, बांसुरी स्वराज का दावा- 8 फरवरी को केवल खिलेगा कमल

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए आज मतदान चल रहा है। वोटिंग ठीक 7 बजे शुरू हो गई थी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। 11 जिलों में 70 विधानसभा सीटों पर आज करीब 1.55 करोड़ लोग वोट डालेंगे और 699 चुनाव प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। मतगणना 8 फरवरी दिन शनिवार को होगी,
बांसुरी स्वराज ने मतदान किया
वोट डालने के बाद भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आज दिल्ली में लोकतंत्र का त्योहार है और मैं राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं से बड़ी संख्या में बाहर आने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने की अपील करती हूं ताकि दिल्ली विकसित राष्ट्र की विकसित राजधानी बन सके। आप देखेंगे, 8 फरवरी को केवल कमल खिलेगा।
अरविंदर सिंह लवली की वोट अपील
गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली कहते हैं कि दिल्ली कई बुनियादी मुद्दों का सामना कर रही है। यमुना इतनी खराब स्थिति में है कि सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा है। जिस हवा में हम सांस लेते हैं वह इतनी प्रदूषित है। अब समय आ गया है कि हम सांस लें। इस सरकार से छुटकारा पाएं और दिल्ली को पीएम मोदी के नेतृत्व में एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो लोगों के लिए काम करें।
25राहुल गांधी मे मतदान किया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज निर्माण भवन में मतदान किया। कड़ी सुरक्षा के बीच सांसद मतदान करने आए और मीडिया से बात किए बिना लौट गए।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर ने एनडीएमसी स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्यूमैनिटीज, तुगलक क्रिसेंट में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। मतदान के बाद विदेश मंत्री ने कहा कि मैं शुरुआती मतदाता रहा हूं…मुझे लगता है कि जनता बदलाव के मूड में है।
मनीष सिसोदिया की लोगों से वोट अपील
मनीष सिसोदिया ने वोट अपील करते हुए पोस्ट में लिखा कि दिल्ली के सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और मतदान अवश्य करें। मतदान हर नागरिक का अधिकार भी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का दायित्व भी। आपका एक-एक वोट हमारे बच्चों के बेहतर कल के लिए समर्पित होगा। दिल्ली की इस प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग कर अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री आतिशी और अरविंद केजरीवाल की वोट अपील
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने वोट अपील की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि दिल्ली का आज का चुनाव, सिर्फ़ एक चुनाव नहीं है, धर्म युद्ध है। यह अच्छाई और बुराई की लड़ाई है। यह काम और गुंडागर्दी की लड़ाई है। मेरी सभी दिल्ली वासियों से अपील है कि अपना वोट डालें। काम के लिये वोट डालें, अच्छाई के लिए वोट डालें। सत्य की विजय होगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के सभी मतदाताओं से मेरी अपील है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और मतदान अवश्य करें। मतदान हर नागरिक का अधिकार भी है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का दायित्व भी है। आपका एक-एक वोट हमारे बच्चों के बेहतर कल के लिए समर्पित होगा।
वोट डालने के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि दिल्ली के सभी नागरिकों, मतदाताओं को बताना चाहता हूं कि यह हमारे लिए अवसर नहीं है। यह हमारा कर्तव्य और मौका है। पिछले कई वर्षों में ‘आप-दा’ ने जिस दिल्ली को तबाह कर दिया है, उसे फिर से स्थापित करने के लिए, यह सिर्फ एक सामान्य चुनाव नहीं है, इसका बहुत विशेष महत्व है और मुझे पूरा विश्वास है कि लोग आज आएंगे मतदान प्रतिशत अच्छा रहेगा।
AAP विधायक के खिलाफ केस दर्ज
संगम विहार थाने में एक महिला ने AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने धारा 323/341/509 के तहत मामला दर्ज किया है।
अमानतुल्लाह खान के खिलाफ केस दर्ज
AAP उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक अमानतुल्लाह रात एक बजे अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार कर रहे थे।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने वोट डालने के बाद कहा कि एनडीएमसी ने यहां इतनी अच्छी व्यवस्था की है। पिछले 30-35 वर्षों से मतदान कर रहा हूं और मैंने इससे बेहतर बूथ नहीं देखा। यहां व्यवस्थाएं बहुत सुंदर हैं। हमारी कॉलोनी के लोग सुबह 7 बजे से यहां कतार में लगकर वोट डाल रहे हैं। मैं दिल्ली के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में मतदान करें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।