
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में 9वीं प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नई दिल्ली में उन्होंने मध्यप्रदेश का भी जिक्र किया। राहुल ने दावा करते हुए कहा- मैं आपको एक बात लिखकर देता हूं कि कांग्रेस मध्यप्रदेश के चुनाव को जीतेगी। भाजपा वहां दिखाई नहीं देगी। मध्यप्रदेश में तूफान आया हुआ है और वहां हर कोई जानता है कि भाजपा ने वहां पैसा देकर सरकार बनाई है। पूरा प्रदेश गुस्से में है। प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
इससे पहले नवंबर में राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त का जिक्र किया था। उन्होंने खरगोन में कहा था- भाजपा ने मेरी छवि खराब करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। उन्होंने मेरी एक छवि बनाई है। लोग सोचते हैं कि यह मेरे लिए हानिकारक है, लेकिन वास्तव में यह मेरे लिए फायदेमंद है, क्योंकि सच्चाई मेरे साथ है। सत्य को छिपाया नहीं जा सकता। उन्होंने मेरी छवि खराब करने के लिए जितना पैसा खर्च किया है, उतनी ही ताकत मुझे दे रहे हैं।
बता दें, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल को बोला था कि उनका चेहरा सद्दाम हुसैन जैसा हो गया है। इसी के बाद राहुल ने टिप्पणी की थी।
राहुल का बयान मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा: सारंग
राहुल गांधी के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत और भाजपा के सफाए के बयान पर मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया। उन्होंने कहा- राहुल का बयान मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा है।
राहुल खेत पर खड़े होकर खलिहान की बात करते हैं और खलिहान में खड़े होकर खेत की बात करते हैं। 48 घंटे पहले ही कांग्रेस नेता दिग्विजय के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने यह खुलासा किया है कि कमलनाथ के सर्वे में कांग्रेस की हालत बद से बदतर है।
राहुल गांधी को कमलनाथ के सर्वे की जानकारी नहीं है। स्क्रिप्टेड बयान देना राहुल की आदत है। राहुल गांधी सरकार बनाने का दावा करने से पहले किसानों को जवाब दें, जिनसे उन्होंने 2 लाख की कर्जमाफी का वादा किया था। मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखना छोड़कर यथार्थ की बात करें। राहुल गांधी कहते हैं कि वो लिखकर देंगे, मेरी चुनौती है कि बिना किसी से पूछे 2 लाइन लिखकर दिखाएं।
कमलनाथ बोले, सरकार आई तो भर्ती अभियान चलाकर देंगे नौकरियां
विधानसभा 2023 से पहले मध्यप्रदेश में रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है। पूर्व CM और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही भर्ती अभियान चलाएंगे। युवाओं को सरकारी नौकरी देकर भविष्य संवारेंगे।
कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा…
कमलनाथ ने ट्वीट में लिखा- प्रदेश में सरकारी नौकरियों के पद खाली पड़े हैं, फिर भी युवाओं को नौकरी नहीं दी जा रही है। हमारी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की थी, लेकिन सत्ता लोभियों ने युवाओं से नौकरी का हक छीन लिया। कांग्रेस सरकार बनते ही हम प्रदेशभर में भर्ती अभियान चलाकर युवाओं का भविष्य संवारेंगे।
पुरानी पेंशन पर भी बोल चुके पूर्व सीएम
इससे पहले कमलनाथ पुरानी पेंशन पर भी बोल चुके हैं। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकारें यह स्कीम लागू कर चुकी है। दरअसल, कमलनाथ ने यह वादा उस समय किया, जब प्रदेश के कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली का मुद्दा उठा रहे हैं। कई संगठन भोपाल से लेकर दिल्ली तक आंदोलन भी कर चुके हैं। इसी बीच संविदाकर्मियों और आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर भी कमलनाथ ने वादा किया है।