हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े आरोपी प्रदीप शुक्ला SIT रिमांड पर – फिरौती धमकियों के मामले में पूछताछ तेज

हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े आरोपी प्रदीप शुक्ला SIT रिमांड पर
– फिरौती धमकियों के मामले में पूछताछ तेज
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और हैरी बॉक्सर गैंग के नाम पर मिल रही फिरौती की धमकियों की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुरैना से आरोपी प्रदीप शुक्ला को गिरफ्तार किया है। अदालत ने उसे 15 अप्रैल 2026 तक SIT की रिमांड पर भेज दिया है।
रिमांड के दौरान भोपाल में SIT की टीम प्रदीप शुक्ला से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में उसके हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े होने के ठोस सुराग भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रदीप शुक्ला पर अशोकनगर में एक कारोबारी को करोड़ों रुपये की फिरौती देने की धमकी देने का आरोप है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर और खरगोन सहित प्रदेश के कई शहरों में कारोबारियों को हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने की शिकायतें सामने आई थीं। SIT अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन सभी मामलों में धमकियां देने के पीछे एक ही आरोपी प्रदीप शुक्ला था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। जांच एजेंसियां आरोपी से गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं।







