बलदेव बाग चौराहे पर सियासी टकराव, कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर, राहुल गांधी का पुतला दहन देंखे वीडियो
दिल्ली में हुए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन, कांग्रेस ने लगाया कार्यालय पर हमले का आरोप

बलदेव बाग चौराहे पर सियासी टकराव, कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर, राहुल गांधी का पुतला दहन देंखे वीडियो
दिल्ली में हुए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो का प्रदर्शन, कांग्रेस ने लगाया कार्यालय पर हमले का आरोप
जबलपुर, यश भारत। शहर के बलदेव बाग चौराहे के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने शनिवार को भारी सियासी हंगामा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी और उसकी इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता यहां एकत्र हुए और कार्यालय का घेराव करते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए और उनका पुतला दहन किया। मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, हालांकि कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की और बैरिकेडिंग गिरने जैसी स्थिति भी बनी।
भाजयुमो नेताओं का कहना है कि हाल ही में युवा कांग्रेस से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया गया, जो देश की छवि को धूमिल करने वाला और अत्यंत निंदनीय कृत्य है। इसी विरोध में जबलपुर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया गया।
भाजयुमो के महानगर पदाधिकारी रौनक अग्रवाल ने कहा कि इतने बड़े वैश्विक मंच पर इस तरह का प्रदर्शन पूरे देश के लिए शर्मनाक है और इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस की ओर से पार्षद अमरीश मिश्रा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जबरन कांग्रेस कार्यालय में घुसने और हमला करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जब कांग्रेस आवाज उठाती है, तो उसे दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जाती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की सुरक्षा करते हुए प्रदर्शनकारियों का डटकर सामना किया और भविष्य में भी ऐसी किसी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इधर, पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन और पुतला दहन की सूचना के पहले से पर्याप्त बल तैनात किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता ने बताया कि मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी भी तरह की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने समझाइश देकर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया।






