पुलिस रंजिश के एंगल पर जांच में जुटी, दो संदेही हिरासत में

पुलिस रंजिश के एंगल पर जांच में जुटी, दो संदेही हिरासत में
– मिसरोद में मैजिक स्पॉट कैफे पर बदमाशों ने किया था हमला
– तीन थानों की पुलिस कर रही आरोपियों की पहचान
यश भारत भोपाल। मिसरोद स्थित मैजिक स्पॉट कैफे में मंगलवार रात हुए हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। लगभग 20 से ज्यादा नकाबपोश बदमाश तलवार और डंडों से लैस होकर कैफे में घुसे और महज दो मिनट से भी कम समय में जमकर तोडफ़ोड़ कर दी। घटना के सीसीटीवी फुटेज पूरी रात सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे। पुलिस अब इस मामले में लूट की बजाय रंजिश के एंगल पर काम कर रही है। जोन-2 के डीसीपी विवेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में साफ संकेत मिल रहे हैं कि हमलावरों का मकसद सिर्फ तोडफ़ोड़ करना था। उन्होंने कहा कि न तो कोई लूट हुई और न ही कोई सामान छीना गया। हमलावर सीधे कैफे में घुसे, तोडफ़ोड़ की और तुरंत भाग निकले।
कैफे संचालक सक्षम गिरी ने पुलिस को स्पष्ट रूप से कोई रंजिश की जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने एफआईआर में दो से तीन नाम संदेहियों के तौर पर लिखवाए हैं। इनमें से दो को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। डीसीपी ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के पीछे रंजिश थी या कोई पुराना विवाद, इसकी पड़ताल की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिसरोद, बागसेवनिया और कटारा हिल्स थानों की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। तीनों टीमें अलग-अलग एंगल पर काम कर रही हैं।
जांच में सीसीटीवी फुटेज, संदेहियों की पहचान, उनके रूट मैप और संभावित विवादों की जानकारी शामिल है। पुलिस ने इलाके की निगरानी बढ़ा दी है और संदिग्ध स्थानों पर दबिश भी दी जा रही है। हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है। फुटेज में आरोपी दिखाई तो दे रहे हैं, लेकिन चेहरा साफ नहीं है। पुलिस को कुछ तकनीकी और भौगोलिक क्लू मिले हैं, जिन पर टीमें काम कर रही हैं। इसके अलावा हमलावरों के दोपहिया वाहनों और उनके मूवमेंट के इनपुट भी जांच में शामिल हैं। घटना के वक्त कैफे में ज्यादा भीड़ नहीं थी, इसलिए किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। हमलावरों ने काउंटर, टेबल और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया और घटना के तुरंत बाद भाग गए।
डीसीपी विवेक सिंह ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। शहर के प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस रंजिश, पुराने विवाद और प्रतिस्पर्धा जैसे सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। इस हमले ने राजधानी के शांति और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के आगे बढऩे के साथ ही इस मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।







