भोपाल

अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा

अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस का शिकंजा,

24 लाख से ज्यादा की विस्फोटक सामग्री जब्त _त्योहारी सीजन में प्रदेशभर में चला अभियान, कई जिलों में कार्रवाई

यश भारत भोपाल। दीपावली के मद्देनज़र मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेशभर में छापेमार अभियान चलाया। पुलिस की इस सघन कार्रवाई में अब तक कुल 2436200 मूल्य की अवैध विस्फोटक सामग्री जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, अभियान का उद्देश्य त्योहारी सीजन में जनसुरक्षा और सार्वजनिक शांति बनाए रखना है। प्रदेशभर के जिलों में बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थों के निर्माण, भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

कई जिलों में हुई उल्लेखनीय कार्रवाई मुरैना में 6 लाख 8 हजार, दमोह में 5 लाख, सागर में 4 लाख, छतरपुर में 2 लाख, अशोकनगर में 1 लाख 80 हजार और खरगोन में 1 लाख 30 हजार मूल्य की अवैध पटाखा सामग्री जब्त की गई है। अन्य जिलों में भी अभियान लगातार जारी है और पुलिस बल को इसे और तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री और डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कहा है कि त्योहारी माहौल में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके निर्देशानुसार, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को इस अभियान को मिशन मोड में संचालित करने और अवैध विस्फोटक भंडारण या बिक्री में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

नागरिकों से की गई अपील पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना लाइसेंस पटाखों की खरीद-फरोख्त या भंडारण से बचें, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। यदि किसी क्षेत्र में अवैध पटाखों का निर्माण, विक्रय या भंडारण होता दिखे, तो तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल-112 पर सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button