जबलपुरमध्य प्रदेश

अर्थी छोड़ भागे लोग, अंतिम संस्कार में मधुमक्खियों का हमला,कई लोग घायल

हालात सामान्य होने पर पूरा हुआ अंतिम संस्कार

जबलपुर यशभारत। अंतिम संस्कार जैसे गंभीर और भावुक माहौल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर अचानक हमला कर दिया। घटना के दौरान लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ समय के लिए अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी बीच में ही रोकनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ताला देवरी गांव के श्मशान घाट में बड़ी संख्या में ग्रामीण एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही अंतिम क्रिया की तैयारी चल रही थी, अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां आ धमका और लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए लोग अर्थी छोड़कर भाग खड़े हुए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया तो यहां तक गया है कि मधुमक्खियों के हमले से घायल हुए दो दर्जन लोगों ने पनागर गोसलपुर व सिहोरा में अपना उपचार कराया।

स्थिति इतनी भयावह हो गई थी कि कुछ समय के लिए श्मशान घाट पूरी तरह खाली हो गया।करीब आधे घंटे बाद जब मधुमक्खियों का झुंड वहां से हट गया और हालात सामान्य हुए, तब लोग धीरे-धीरे वापस लौटे और फिर से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों में दहशत का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से श्मशान घाटों के आसपास ऐसे खतरों से बचाव के उपाय करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button