भोपालमध्य प्रदेश

डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड से मिलेगी यात्रियों को जानकारी 

डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड से मिलेगी यात्रियों को जानकारी 
– रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कमेटी की बैठक में प्रस्तावों को मिली मंजूरी 
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल के रलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा में इजाफा किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई नए सुधारात्मक कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 की नई बिल्डिंग पर जल्द ही ट्रेनों की जानकारी देने वाले डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके साथ ही हनुमान मंदिर के पास सडक़ किनारे एक बड़ा डिस्प्ले बोर्ड भी लगाने की योजना है, जिससे बाहर खड़े यात्री या परिजन स्टेशन के अंदर गए बिना ही ट्रेन की स्थिति और प्लेटफॉर्म की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह निर्णय हाल ही में हुई रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कमेटी की बैठक में लिया गया, जिसमें स्टेशन के स्वच्छता, यातायात और यात्री सुविधाओं को लेकर कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
रियल टाइम डेटा सिस्टम से जुड़ेगा डिस्प्ले बोर्ड 
भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के मुताबिक अब तक स्टेशन परिसर में ट्रेन आगमन और प्रस्थान की जानकारी सीमित स्थानों पर लगी स्क्रीन से मिलती थी, जिससे भीड़ के समय यात्रियों को असुविधा होती थी। नई बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से और बाहर सडक़ किनारे बड़ा डिस्प्ले लगने से यह परेशानी काफी हद तक दूर होगी। यात्रियों का कहना है कि इस कदम से स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ घटेगी और बाहर से आने वालों को समय रहते ट्रेन पकडऩे में आसानी होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन डिस्प्ले बोर्ड्स को रियल टाइम डेटा सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रेन में थोड़ी-सी भी देरी या प्लेटफॉर्म में बदलाव की जानकारी तुरंत अपडेट होगी।
स्वच्छता पर फोकस पुराना बूथ हटेगा, पार्किंग सुधरेगी
रेलवे ने स्टेशन की नई बिल्डिंग के सामने स्थित यातायात विभाग का पुराना प्रीपेड बूथ हटाने का निर्णय लिया है। इस बूथ के आसपास अव्यवस्था और गंदगी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके हटने से यात्रियों के आवागमन का मार्ग और साफ-सुथरा होगा। इसके अलावा, पार्किंग एरिया में भी कई बदलाव किए जा रहे हैं। पार्किंग और वेंडर कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य की गई है, ताकि पहचान में आसानी हो और व्यवस्था में एकरूपता बनी रहे। यूनिफॉर्म न पहनने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
यात्री बोले बदल रही है अब रेलवे की सूरत 
नागपुर से आए यात्री अरविंद गुप्ता ने कहा कि भोपाल स्टेशन लगातार बदल रहा है। बाहर डिजिटल बोर्ड लगना बहुत अच्छी पहल है, इससे बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले यात्रियों को अंदर भीड़ में नहीं जाना पड़ेगा। वहीं, एक महिला यात्री रचना दुबे ने कहा पार्किंग एरिया में अक्सर अव्यवस्था रहती थी, अगर अब यूनिफॉर्म और साफ-सफाई लागू होगी तो स्थिति सुधरेगी।
सुविधाओं को बढ़ाने के लिए किया जा रहा प्रयास 
रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी प्रयास के तहत स्टेशन विकास समिति अगली बैठक में प्लेटफॉर्म नंबर-6 और 7 पर अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा और ष्टष्टञ्जङ्क कैमरों के विस्तार पर भी चर्चा करेगी। भोपाल रेलवे स्टेशन पर ये सुधार यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की स्वच्छता दोनों के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button