भोपाल मंडल में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस – स्वतंत्रता सेनानी द्वारा प्रदर्शनी का अनावरण किया गया
भोपाल मंडल में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
– स्वतंत्रता सेनानी द्वारा प्रदर्शनी का अनावरण किया गया


भोपाल यशभारत। भोपाल रेल मंडल में विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन रानी कमलापति स्टेशन पर किया गया। स्वतंत्रता सेनानी मोहम्मद समीर खान के द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की प्रदर्शनी का अनावरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने स्वतंत्रता सेनानी मोहम्मद समीर खान का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया। अपने संबोधन में मोहम्मद समीर खान ने कहा कि देश की आजादी के लिए अनगिनत त्याग और बलिदान देने पड़े।
मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने कहा कि रेल के माध्यम से लाखों लोगों को एक जगह से दूसरे जगह सुरक्षित पहुंचाया गया। हमारी ट्रेनों ने संघर्ष और दर्द की कहानियों को भी सुना है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन यादों को भी संजोए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों, कठिनाइयों और संघर्षों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि यह दिवस हमें सामाजिक एकता सद्भावन और मानवता को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। यह दिन हमें भेदभाव वैमनस्य और दुर्भावना के विष को समाप्त कर आपसी भाईचारे को और मजबूत करने की प्ररेणा देता है। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अभिराम खरे,योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह सहित सभी शाखा अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनसामान्य उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से विभाजन कालीन वास्तविकताओं को प्रदर्शित किया गया।







