
घमापुर में बमबाजी और पथराव से हड़कंप, भगवान टेंट हाउस को बनाया निशाना देखें वीडियो
जबलपुर, यश भारत। घमापुर थाना क्षेत्र के चुंगी चौकी इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भगवान टेंट हाउस में अज्ञात बदमाशों ने बम चला दिए। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन से अधिक बदमाश मौके पर पहुंचे और टेंट हाउस पर जमकर पथराव किया। बम धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के समय भगवान टेंट हाउस के ऊपर बने मकानों में मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों पर पानी फेंका, जिससे कुछ देर के लिए हमलावर पीछे हटे। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल बमबाजी और पथराव के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।







