निवेश के नाम पर ऑक्सीजन कारोबारी से 1.60 लाख की ठगी

निवेश के नाम पर ऑक्सीजन कारोबारी से 1.60 लाख की ठगी
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बिछाया जाल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लायर को मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर अपना शिकार बनाया है। ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर व्यवसायी से महज दो दिनों के भीतर 1.60 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप लिंक से शुरू हुआ खेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कर्मवीर नगर निवासी 50 वर्षीय जगदीश सिंह ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई का काम करते हैं। करीब एक महीने पहले उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात लिंक आया था। उस पर क्लिक करते ही उन्हें एक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में कथित निवेशक अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे, जिन्हें देखकर जगदीश सिंह उनके झांसे में आ गए। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम के एक अन्य ग्रुप में शिफ्ट कर दिया गया।
छोटे निवेश पर मुनाफे ने बढ़ाया लालच
ठगों ने शुरुआत में पीड़ित से 2 हजार रुपये का निवेश कराया, जिस पर उन्हें तुरंत मुनाफा वापस दिया गया। दो-तीन बार छोटे निवेश पर सफल रिटर्न मिलने से व्यवसायी का भरोसा बढ़ गया। ठगों ने एक फर्जी ‘वॉलेट’ ऐप डाउनलोड कराया था, जिसमें पीड़ित को अपनी रकम बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। इसी झांसे में आकर उन्होंने दो दिन में 1 लाख 59 हजार रुपये लगा दिए।
पैसे निकालने की कोशिश की तो खुला राज
जब जगदीश सिंह ने वॉलेट में दिख रहे मुनाफे और अपनी मूल राशि को बैंक खाते में ट्रांसफर करने की कोशिश की, तो ट्रांजैक्शन फेल होने लगा। उन्होंने ग्रुप के एडमिन से संपर्क करना चाहा, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने पिपलानी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिनके जरिए यह रकम ट्रांसफर की गई है।







