आरक्षण को लेकर ओबीसी महासभा ने किया विरोध प्रदर्शन
आरक्षण को लेकर ओबीसी महासभा ने किया विरोध प्रदर्शन
_शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस नेता
भोपाल यशभारत।
आज भोपाल में ओबीसी महासभा द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री निवास घेराव प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों के साथ भाग लिया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकारों के समर्थन में संघर्ष और एकता का संदेश दिया। साथ ही ओबीसी समाज को उनके मुद्दों पर पूर्ण समर्थन भी दिया।
इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष ने प्रमुख रूप से तीन मांगें उठाईं:
• ओबीसी वर्ग को 27% आरक्षण तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए।
• ओबीसी वर्ग के लिए सुरक्षित 13% पदों को तत्काल अनहोल्ड किया जाए।
• जातिगत जनगणना तत्काल कराई जाए, ताकि सामाजिक न्याय की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
लोगों को संबोधित करते हुए सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार ओबीसी वर्ग के साथ सिर्फ वादे करती है, लेकिन जब अधिकार देने की बारी आती है, तो वह पीछे हट जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी वर्ग को उनका हक दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। सिंघार ने कहा कि सामाजिक न्याय की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य कमलेश्वर पटेल, वरिष्ठ विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री सचिन यादव, विधायक राजेंद्र भारती सहित अनेक लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







