SIR की मार से घटे 4.38 लाख वोटर्स, अब गलतियों को सुधारने सड़कों पर उतरे बीएलओ

SIR की मार से घटे 4.38 लाख वोटर्स, अब गलतियों को सुधारने सड़कों पर उतरे बीएलओ
भोपाल, यशभारत। मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भोपाल जिला प्रशासन ने एक बड़ा सत्यापन अभियान शुरू किया है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दौरान भोपाल जिले में वोटरों का आंकड़ा करीब 21.25 लाख से सिमटकर 16.87 लाख पर पहुंच गया था। इस दौरान सूची से बाहर हुए 3.88 लाख मतदाताओं के भौतिक सत्यापन के लिए बूथ लेवल ऑफिसर मैदान में उतर चुके हैं।
अभियान को गति देने के लिए 8 और 9 अक्टूबर को भोपाल की सातों विधानसभाओं बैरसिया, हुजूर, भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य, दक्षिण-पश्चिम, गोविंदपुरा और नरेला में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
जिन्हें शिफ्टेड मान लिया था, उनका फिर होगा सत्यापन
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 1.15 लाख मतदाता अनुपस्थित और लगभग 2.86 लाख मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित (परमानेंटली शिफ्टेड) दर्ज किए गए थे। हालांकि, इनमें से बड़ी संख्या ऐसे नागरिकों की है जो वास्तव में अपने मूल पते पर ही निवास कर रहे हैं और मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेते रहे हैं। ऐसे सभी छूट गए पात्र वोटरों को दोबारा वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा।
18 की उम्र से पहले एडवांस रजिस्ट्रेशन, डिक्लेरेशन की जरूरत खत्म
अभियान में पहली बार वोट देने वाले युवाओं के लिए प्रक्रिया को बेहद आसान कर दिया गया है। जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अब अग्रिम रूप से फार्म-6 भर सकते हैं। चुनाव आयोग ने इसके लिए पूर्व में ली जाने वाली डिक्लेरेशन (घोषणा पत्र) की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है।
पारदर्शिता पर जोर, कमजोर वर्गों के लिए बस्तियों में पहुंचेंगे कैंप
किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार न छीने, इसके लिए बीएलओ द्वारा तैयार की जा रही सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ साझा की जा रही हैं। इसके अलावा बेघर लोगों, मजदूर बस्तियों और नाइट शेल्टरों में रहने वाले नागरिकों का नाम जोड़ने के लिए विशेष मोबाइल कैंप भी लगाए जा रहे हैं। नागरिक घर बैठे वोटर हेल्पलाइन ऐप या आयोग के पोर्टल के जरिए भी ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।







