स्टंटबाजों पर अब तक कार्रवाई नहीं, वायरल वीडियो के बाद भी पुलिस के हाथ खाली
स्टंटबाजों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त

जबलपुर,यशभारत। शहर की सड़कों पर लक्जरी कारों के काफिले के साथ स्टंटबाजी और हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो वायरल होने के कई दिन बाद भी पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक महंगी गाड़ियों की सनरूफ पर बैठकर स्टंट करते, हाथों में हथियार लहराते और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कई वाहनों पर रजिस्ट्रेशन नंबर तक नहीं हैं, जिससे वाहन मालिकों की पहचान को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर हाईवे तक स्टंटबाजों का यह काफिला बेखौफ घूमता रहा, लेकिन उन्हें रोकने या कार्रवाई करने वाला कोई नजर नहीं आया। इस दौरान न केवल उनकी अपनी जान खतरे में थी, बल्कि आम राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लगी रही।
सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो बरगी और मदनमहल थाना क्षेत्र की सड़कों का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई की बात तो कही, लेकिन अब तक न तो किसी की गिरफ्तारी हुई है और न ही किसी वाहन को जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। शहरवासियों का कहना है कि यदि सामान्य नागरिक यातायात नियमों का उल्लंघन करता है तो तत्काल चालानी कार्रवाई हो जाती है, लेकिन प्रभावशाली परिवारों से जुड़े युवकों के मामले में पुलिस की कार्रवाई केवल बयानबाजी तक सीमित दिखाई दे रही है।
चर्चा यह भी है कि कुछ स्टंटबाजों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी है। वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था और यातायात सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल यही है कि क्या कानून का डंडा इन रसूखदार स्टंटबाजों तक पहुंचेगा या मामला कुछ दिनों की चर्चा के बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा?








