कांट्रेक्टर की मौत के मामले में आया नया मोड़
जनसुनवाई में एसपी से मिलकर तिलवारा थाने की भूमिका को बताया संदिग्ध, एसपी ने मामले की जांच सौंपी डीएसपी को


जबलपुर यश भारत।
शहर के एक ठेकेदार की रहस्यमय हालात में हुई मौत के मामले में स्वजन ने निष्पक्ष जांच पर बल दिया है। मौत को लेकर सवाल खड़ा करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी बात रखी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच नये सिरे से शुरू करने डीएसपी को आदेश कर दिए। है जिसके बाद वास्तविक दोषियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के प्रयास प्रारम्भ कर दिए हैं
क्या है मामला
उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा अंतर्गत गंगानगर निवासी हिमेश शर्मा ने बताया कि उनका भाई विवेक शर्मा (40) ईंट गिट्टी की ठेकेदारी करता था। 27 अक्टूबर शुक्रवार की रात वह तिलवारा के धनमहल रिसोर्ट में आयोजित जन्मदिन पार्टी मे शामिल होने गया था। काफी देर तक जब विवेक घर नहीं लौटा, तो स्वजन ने उसे फोन लगाया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। तब स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। स्वजन धन महल रिसोर्ट के पास पहुंचे, तो रिसोर्ट के बाजू की पगडंडी के पास विवेक घायल अवस्था में मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पार्टी की रात विवेक से मिलने रायपुर निवासी दो युवक शहर आए थे। उक्त दोनों युवक भी रिसोर्ट में आयोजित पार्टी में शामिल हुए, लेकिन जब विवेक के स्वजन ने युवको को फोन लगाकर विवेक के बारे में पूछा, तो दोनों ने अनभिज्ञता जाहिर की कि वे रायपुर जा रहे है। हिमेश का आरोप है कि पीएम रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने से मौत होने की बात सामने आई है।







