भोपालमध्य प्रदेश

नीट परीक्षा कल: भोपाल में 32 केंद्र बने, मेट्रो निर्माण के कारण दो रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट

नीट परीक्षा कल: भोपाल में 32 केंद्र बने, मेट्रो निर्माण के कारण दो रूटों पर ट्रैफिक डायवर्ट

भोपाल, यशभारत। राजधानी में रविवार, 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर नगरीय यातायात पुलिस ने परीक्षार्थियों और आम जनता के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शहर के 32 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते पुलिस ने दो प्रमुख परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले रास्तों में बदलाव किया है और छात्रों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

इन केंद्रों के लिए बदला गया रास्ता
यातायात पुलिस के अनुसार, प्रभात चौराहा से पिपलानी के बीच मेट्रो निर्माण के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है। इसके चलते शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, आनंद नगर पहुंचने के लिए टीटी नगर, एमपी नगर, कोलार रोड और पुराने भोपाल से आने वाले परीक्षार्थियों को चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा और पिपलानी पेट्रोल पंप वाले मार्ग का उपयोग करना होगा।

इसी तरह, सिंधी कॉलोनी से काजी कैंप और डीआईजी बंगले के बीच भी मेट्रो निर्माण कार्य के कारण मार्ग संकुचित है। इस वजह से शासकीय गीतांजलि कन्या पीजी कॉलेज, गौतम नगर जाने वाले परीक्षार्थी नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जे.पी. ब्रिज तिराहा होकर डीआईजी बंगला चौराहा पहुंच सकेंगे।

केंद्रों के पास लाउडस्पीकर और पार्किंग पर पूरी तरह रोक
परीक्षा के दौरान छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी 32 परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों लाउडस्पीकर के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, केंद्रों के ठीक बाहर किसी भी प्रकार के वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी ताकि परीक्षार्थी सुगमता से भीतर प्रवेश कर सकें।

30 मिनट पहले निकलने की सलाह, पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यातायात पुलिस ने अभ्यर्थियों को मशविरा दिया है कि वे अपने परीक्षा केंद्र की स्थिति को पहले से ही चिन्हित कर लें और घर से परीक्षा समय से कम से कम 30 मिनट पहले निकलें। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति में नागरिक यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 7049104825, 7049104640 अथवा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button