
मुंबई विश्वविद्यालय की परीक्षाएं फिर स्थगित, संशोधित तिथियां घोषित
मुंबई, यश भारत जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के कारण मुंबई विश्वविद्यालय ने 9 फरवरी और 10 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अब ये परीक्षाएं क्रमशः 24 फरवरी और 25 फरवरी को आयोजित की जाएंगी।
दरअसल, 5 फरवरी को मतदान और 7 फरवरी को मतगणना प्रस्तावित थी। इसी बीच राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कारण चुनाव संबंधी कार्यक्रमों में बदलाव किया गया, जिससे परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
मुंबई विश्वविद्यालय ने पहले से ही 9 और 10 फरवरी को निर्धारित परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया था। इससे पहले भी महानगरपालिका चुनावों के चलते 14 जनवरी से 16 जनवरी के बीच होने वाली परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी थीं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी करें और अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।







