नए साल पर MP पुलिस का ‘एक्स्ट्रा अलर्ट’: सड़कों पर उतरेंगे बड़े अफसर, हुड़दंगियों पर होगी जीरो टॉलरेंस की नीति

नए साल पर MP पुलिस का ‘एक्स्ट्रा अलर्ट’: सड़कों पर उतरेंगे बड़े अफसर, हुड़दंगियों पर होगी जीरो टॉलरेंस की नीति
भोपाल, यशभारत। नए साल के जश्न के दौरान प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों को आज रात से 1 जनवरी की रात तक सघन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मैदान में उतरेंगे फील्ड अफसर डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी। सभी रैंक के फील्ड अधिकारियों को खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चे को लीड करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख चौराहों, मॉल, बाजार, होटल, रिसॉर्ट और पिकनिक स्पॉट्स जैसे नदी, बांध और झीलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मंदिरों में संभावित भीड़ को देखते हुए भी विशेष सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
हुड़दंगियों की खैर नहीं: जीरो टॉलरेंस पुलिस ने साफ कर दिया है कि जश्न की आड़ में कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने (Drunk and Drive) ओवरस्पीडिंग और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। इसके साथ ही जिले के सूचीबद्ध बदमाशों और अशांति फैलाने वाले तत्वों पर राउंड द क्लॉक निगरानी रखी जा रही है।
इन बातों पर रहेगा विशेष फोकस:
मॉल, पिकनिक स्पॉट और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की भारी तैनाती रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस मुख्यालय और विशेष शाखा (SB) को साझा करने के निर्देश गये है। महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा के लिए भी कड़े इंतजाम किये गये है। ।







