MP कांग्रेस का दिल्ली में तीन दिवसीय मंथन, जीतू पटवारी और हरीश चौधरी की मौजूदगी में बनेगी नई रणनीति

MP कांग्रेस का दिल्ली में तीन दिवसीय मंथन, जीतू पटवारी और हरीश चौधरी की मौजूदगी में बनेगी नई रणनीति
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में संगठन को नई जान फूंकने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मोर्चा संभाल लिया है। आज से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठकों का दौर शुरू हो रहा है। इस उच्च स्तरीय मंथन में मध्य प्रदेश के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं।
मैराथन बैठकों का दौर
बैठकों की शुरुआत आज शाम 4 बजे संगठनात्मक चर्चा से होगी। इसके बाद कल (मंगलवार) दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक एक मैराथन बैठक आयोजित की जाएगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन तीन दिनों में संगठन के हर पहलू को बारीकी से परखा जाएगा।
प्रभारी सचिवों की रिपोर्ट पर टिकेगी नजर
बैठक में सबसे अहम हिस्सा प्रभारी सचिवों द्वारा पेश की जाने वाली रिपोर्ट होगी। सचिवों ने अपने-अपने प्रभार वाले संभागों का जो फीडबैक तैयार किया है, उसी के आधार पर भविष्य की नियुक्तियों और बदलावों का रोडमैप तैयार होगा। इस दौरान महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, यूथ कांग्रेस और सेवादल के प्रदेश अध्यक्षों को भी तलब किया गया है, ताकि उनके विभागों की सक्रियता की समीक्षा की जा सके।
जिला कार्यकारिणी की देरी पर होगी सख्ती
पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती जिला कार्यकारिणी का गठन है। वर्तमान स्थिति यह है कि प्रदेश में केवल 10 फीसदी जिलों में ही कार्यकारिणी घोषित हो पाई है। संगठन में हो रही इस देरी को लेकर बैठक में तीखे सवाल उठ सकते हैं। नेतृत्व का प्रयास है कि जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर टीम तैयार की जाए ताकि कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हो सके।







