चोरी की बाइक पर सवार बदमाशों ने महिला का बैग लूटा -अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

चोरी की बाइक पर सवार बदमाशों ने महिला का बैग लूटा
-अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
भोपाल, यशभारत।
कोलार से मिसरोद आते वक्त स्कूटी सवार दो बहनों से पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। स्कूटी चला रही महिला ने बदमाश का पीछा करना शुरू किया तो आरोपी बचने के लिए कॉलोनियों की गलियों में घूस गए। जहां पर एक स्थान पर आगे जाने का रास्ता बंद होने के कारण आरोपी अपनी बाइक छोडक़र फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मिसरोद थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई चेतन गुप्ता ने बताया कि बैरागढ़ चीचली कोलार निवासी मनीषा राजकुमार डोबारे पति राजकुमार (35) गृहिणी हैं। मिसरोद इलाके में एक मकान खरीदने को लेकर उनकी किसी से बात हुई थी। रविवार को वे अपनी बहन के साथ एक्टिवा पर सवार होकर कोलार से मिसरोद जा रही थीं। एक्टिवा उनकी बहन चला रही थी, जबकि मनीषा पीछे की सीट पर बैठी हुई थीं। जब वह दोपहर करीब डेढ़ बजे खजांची चौराहा सलैया के पास ब्रिज के नजदीक पहुंची, तभी स्पीड ब्रेकर पर उन्होंने एक्टिव की रफ्तार कम कर ली, तभ्ज्ञी पीछे आए बाइक सवार बदमाश ने मनीषा के हाथ से बैग छीन लिया। बैग छीनने के बाद वह भागने लगा तो मनीषा की बहन ने एक्टिवा से बाइक सवार बदमाश का पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाश बचने के लिए सलैया की कॉलोनियों में इधर-उधर भागते रहे। लेकिन दोनों बहनों ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा। तभी पावर हाउस के पास रोड बंद होने के कारण बदमाश आगे नहीं जा पाया और बचने के लिए अपनी बाइक वहीं छोडक़र पैदल भाग निकला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लूट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से बाइक बरामद की है। लेकिन यह बाइक चोरी की होना पाई गई है। अब पुलिस सीसीटीव कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।







