चलती ट्रेन में बदमाशों का हमला, आधा दर्जन यात्रियों को पीटा, लूटा, कटनी मुड़वारा स्टेशन पर पीडि़तों का हंगामा, 1 गंभीर

जबलपुर/कटनी. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के बांदकपुर-कटनी मुड़वारा के बीच बदमाशों ने चलती ट्रेन में जमकर उत्पात मचाया और यात्रियों के साथ लूटपाट और मारपीट की. इस घटना में आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिन्हें रविवार की देर रात कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना की जानकारी लगते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीेफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) में हड़कंप मच गया। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि बीना से कटनी मुड़वारा स्टेशन तक आने वाली मेमो पैसेंजर ट्रेन नंबर 61619 जैसे ही मुड़वारा स्टेशन पर पहुंची, उसमें सवार यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, सभी घायल यात्री बांदकपुर मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पीडि़तों के अनुसार, सलैया स्टेशन से 7-8 अज्ञात युवक ट्रेन में सवार हुए। युवकों ने पहले कुछ यात्रियों से विवाद किया, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गया। हमलावरों ने बांदकपुर से लौट रहे श्रद्धालुओं पर अचानक हमला कर दिया। बीच-बचाव करने की कोशिश करने वालों को भी धमकाया गया। इस हमले में 6 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला श्रद्धालु को गंभीर चोटें आईं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल यात्रियों ने बताया कि हमलावर उनका मोबाइल फोन और नकदी भी लूटकर मौके से फरार हो गए।
जबलपुर अधिकारियों तक पहुंची खबर
घटना की खबर जबलपुर में आरपीएफ व रेलवे पुलिस के अधिकारियों तक पहुंची, जिन्होंने इस मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं. जिसके बाद जीआरपी-आरपीएफ स्टाफ सक्रिय हो गया और बांदकपुर से कटनी मुड़वारा तक के स्टेशनों के सीसीटीवी की पड़ताल की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.







