जीतू पटवारी की प्रेसवार्ता पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार, कांग्रेस पर साधा निशाना

जीतू पटवारी की प्रेसवार्ता पर मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार, कांग्रेस पर साधा निशाना
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की हालिया प्रेसवार्ता पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना तथ्य के विरोध करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, केंद्रीय बजट, कांग्रेस संगठन और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक पर विपक्ष को घेरा। मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश ने केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित ऋण सीमा से भी कम लोन लिया है। उनके मुताबिक ऋण लेकर जनता के कल्याणकारी कार्य करना गलत नहीं है, बल्कि अर्थशास्त्री भी इसे विकास का हिस्सा मानते हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में आर्थिक अनुशासन कायम है और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है। सारंग ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत 2047 की नींव रखने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि इसमें हर क्षेत्र कृषि, उद्योग, युवा, महिला और गरीब वर्ग के लिए प्रावधान किए गए हैं। कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, अपने करीबी लोगों को पद देना कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस अपनी पूरी कार्यकारिणी को एक साथ जुटाकर दिखाए। सारंग के अनुसार, कांग्रेस संगठन में अनुशासन का अभाव है। जीतू पटवारी के भारत-अमेरिका ट्रेड डील संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सारंग ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस विषय का ज्ञान नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है और भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ाया है। अमेरिका के साथ समझौते भारत के विश्वगुरु बनने की दिशा में कदम हैं। सारंग ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी स्क्रिप्टेड राजनीति करते हैं, इसलिए उनके प्रदेश अध्यक्ष भी वैसी ही बातें दोहराते हैं।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे टैलेंट हंट अभियान पर भी मंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस टैलेंट की बात करती है लेकिन योग्यता और प्रतिभा उनकी राजनीति का हिस्सा नहीं रही। अगर ऐसा होता तो परिवारवाद हावी नहीं होता मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की पहल पर मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास और कल्याण के नए अवसर बना रही है। उन्होंने कहा कि जीआई टैग मिलने से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।






